3 मार्च 2026

आसमान छूते सोने के दाम और 2-4 ग्राम में मंगलसूत्र के ट्रेंडी डिजाइन: जानिए कैसे पाएं कम बजट में बेहतरीन लुक

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। सोमवार को सोने का वायदा भाव 5,400 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। दरअसल, सप्ताहांत में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों और उसके बाद क्षेत्र में हुए पलटवार ने निवेशकों में बेचैनी पैदा कर दी है, जिससे वे सुरक्षित निवेश की तलाश में सोने का रुख कर रहे हैं। जेपी मॉर्गन के विश्लेषकों का मानना है कि इस भू-राजनीतिक संकट के चलते शॉर्ट टर्म में सोने की कीमतों में 5 से 10 फीसदी तक का रिस्क प्रीमियम उछाल आ सकता है। हालांकि, अगर तनाव कम होता है या शेयर बाजार में नुकसान की भरपाई के लिए निवेशक अपनी संपत्तियां बेचते हैं, तो यह तेजी कुछ समय के लिए थम भी सकती है।

लंबे समय तक ऊंची कीमतों के आसार सोने की यह चमक महज कुछ दिनों की मेहमान नहीं है। जेपी मॉर्गन के पैट्रिक जोन्स के मुताबिक, अगर यह संघर्ष लंबा खिंचता है और कच्चे तेल के दाम ऊंचे बने रहते हैं, तो सोने की कीमतों को लंबी अवधि का समर्थन मिलेगा। केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी, ब्याज दरों में कमी और कमजोर होते डॉलर की वजह से इस साल सोने में अब तक 21 फीसदी की तेजी आ चुकी है। विश्लेषकों का तो यहां तक अनुमान है कि 2026 के अंत तक सोना 6,300 डॉलर प्रति औंस के ऐतिहासिक स्तर को भी छू सकता है। वैश्विक बाजार में लगातार आसमान छूते इन भावों का सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है। ऐसे में महिलाओं के लिए शादी के बाद सबसे अहम माने जाने वाले गहने यानी मंगलसूत्र की खरीदारी का तरीका भी अब बदल रहा है। भारी और महंगे गहनों की जगह अब कम वजन वाले, लेकिन आकर्षक डिजाइन चलन में आ गए हैं।

हल्के वजन में मंगलसूत्र के स्मार्ट विकल्प महंगे सोने के इस दौर में 2 से 4 ग्राम सोने में तैयार होने वाले मंगलसूत्र पेंडेंट एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरे हैं। भारतीय संस्कृति में मंगलसूत्र सिर्फ एक आभूषण नहीं है, बल्कि इसे पति-पत्नी के अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। आज के समय में बाजार में ऐसे कई ट्रेंडी और ट्रेडिशनल डिजाइन मौजूद हैं जो कम सोने में बनकर तैयार हो जाते हैं और लुक के मामले में कोई समझौता नहीं करते। वर्किंग महिलाओं के बीच सिंपल चेन वाले मंगलसूत्र की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। इस डिजाइन में हल्की काली मोतियों की चेन के साथ एक छोटा सा स्टाइलिश पेंडेंट लगा होता है। यह रोजमर्रा के इस्तेमाल और ऑफिस वियर के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। इसे आप वेस्टर्न आउटफिट्स के साथ भी आसानी से पहन सकती हैं और अपनी पसंद के अनुसार पेंडेंट को गोल्ड, डायमंड या कुंदन में कस्टमाइज भी करा सकती हैं।

पारंपरिक और टेम्पल डिजाइन का क्रेज जो महिलाएं अपने लुक में एक पारंपरिक एहसास बनाए रखना चाहती हैं, उनके लिए दो काली मोतियों की मोटी चेन और हैवी गोल्ड पेंडेंट वाला क्लासिक डिजाइन एकदम सही रहता है। त्योहारों और शादी-ब्याह के मौकों पर एथनिक परिधानों के साथ यह खूब जंचता है। वहीं, इन दिनों दक्षिण भारतीय ज्वेलरी से प्रेरित टेम्पल डिजाइन भी महिलाओं को काफी लुभा रहा है। इस तरह के मंगलसूत्र के पेंडेंट में भगवान या देवी-देवताओं की आकृतियां उकेरी जाती हैं। यह मंगलसूत्र न सिर्फ आपको एक आध्यात्मिक और ट्रेडिशनल लुक देता है, बल्कि साड़ियों के साथ पहनने पर इसकी खूबसूरती और भी निखर कर सामने आती है।

कम वजन में हैवी लुक की कारीगरी कई बार मन में भारी भरकम गहने पहनने की चाहत होती है, लेकिन सोने के मौजूदा भावों को देखकर कदम पीछे खींचने पड़ते हैं। ज्वैलर्स ने इसका भी एक स्मार्ट उपाय निकाल लिया है। बाजार में अब ऐसे मंगलसूत्र डिजाइन मौजूद हैं जो दिखने में तो काफी बड़े और भारी लगते हैं, लेकिन असल में उनकी कारीगरी इतनी बारीक होती है कि उनका वजन 4 से 5 ग्राम के आसपास ही रहता है। वजन कम होने की वजह से इनकी कीमत बजट में रहती है। इस तरह की स्मार्ट डिजाइनिंग की मदद से आप बिना ज्यादा खर्च किए एक बेहद रॉयल और हैवी लुक पा सकती हैं।