चिराग पासवान की लोजपा को झटके पर झटका लग रहा है। हाल ही में लोजपा के दो सौ से ज्यादा नेता जदयू में शामिल हुए हैं। अब लोजपा की एकमात्र विधान पार्षद के भाजपा में शामिल होने से लोजपा बिहार विधान परिषद में नेता विहीन हो गई है। लोजपा नेत्री और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज सिंह बबलू की पत्नी नूतन सिंह ने सोमवार ( 22 फरवरी) को भाजपा का दामन थाम लिया।
नीरज बबलू बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय के अटल सभागार में नूतन सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पूर्व आइएएस अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
गैरतलब है कि भाजपा के मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। नूतन 2015 में स्थानीय प्राधिकार से एमएलसी चुनी गईं थी। वह सहरसा, मधेपुरा और सुपौल स्थानीय का नेतृत्व करती हैं। बिहार विधान परिषद में नूतन लोजपा की इकलौती नेत्री थी।
नूतन के पाला बदलने के साथ विधान परिषद में लोजपा नेतृत्व विहीन दल हो गया। मई में नूतन सिंह का कार्यकाल विधान परिषद में समाप्त हो रहा है। नूतन के साथ दर्जनों लोजपा नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन भी उपस्थित थे।